बुधवार, 06 सितंबर, 2006 को 14:13 GMT तक के समाचार
पाकिस्तान के राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ़ दो दिन का अफ़ग़ानिस्तान दौरा बुधवार को शुरू कर रहे हैं जिस दौरान वह वहाँ के राष्ट्रपति हामिद करज़ई से अहम मुद्दों पर बातचीत करेंगे जिनमें तालेबान के ख़िलाफ़ लड़ाई भी एक मुद्दा है.
राष्ट्रपति मुशर्रफ़ बुधवार को काबुल पहुँचे हैं.
उत्तर अटलांटिक संधि नैटो के महासचिव याप डी हूप शेफ़र भी अफ़ग़ानिस्तान का दौरा कर रहे हैं. उन्होंने कहा है कि तालेबान के ख़िलाफ़ युद्ध का जीता जाना बहुत ज़रूरी है और यह युद्ध जीता जाएगा.
अफ़ग़ानिस्तान में तैनात नैटो सेनाओं को हाल के दिनों में तालेबान के ख़िलाफ़ लड़ाई में भारी नुक़सान उठाना पड़ा है.
ग़ौरतलब है कि पाकिस्तान के राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ़ की अफ़ग़ान यात्रा ऐसे समय हो रही है जब एक दिन पहले ही मंगलवार को अफ़ग़ान सीमा पर उत्तरी वज़ीरिस्तान में तालेबान समर्थकों के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किए गए हैं.
माना जा रहा है कि दोनों नेता इस क्षेत्र में चरमपंथियों की गतिविधियों पर रोकथाम के संबंध में बातचीत करेंगे.
सीमापार से चरमपंथी गतिविधियों को लेकर अफ़ग़ानिस्तान और पाकिस्तान के बीच तनाव रहा है.
समाचार एजेंसी एएफ़पी ने राष्ट्रपति करज़ई के कार्यालय के हवाले से कहा, "पाकिस्तान के राष्ट्रपति के साथ आतंकवाद के ख़िलाफ़ संघर्ष, आपसी सहयोग बढ़ाने और क्षेत्रीय मुद्दों पर खुलकर बातचीत होगी.''
इस यात्रा पर पाकिस्तान के विदेश विभाग की प्रवक्ता तस्नीम असलम का कहना था, ''दोनों नेता आपसी संबंधों के विषय में बातचीत करेंगे. साथ ही आर्थिक सहयोग और अफ़ग़ानिस्तान में निर्माण गतिविधियों और आतंकवाद के ख़िलाफ़ संघर्ष में सहयोग पर चर्चा होगी.''
पाकिस्तान ने उत्तरी वज़ीरिस्तान में तालेबान समर्थकों के साथ इलाक़े में अशांति ख़त्म करने के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं और इसमें तय हुआ है कि क़बायली अपने यहाँ से सभी विदेशी चरमपंथियों को बाहर निकालेंगे.
साथ ही इस बात को सुनिश्चित किया जाएगा कि सीमापार से हमले न हों.