http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 05 सितंबर, 2006 को 20:19 GMT तक के समाचार

सामपुर पर पकड़ मज़बूत करने का दावा

श्रीलंका की सेना ने दावा किया है कि उसने उत्तर-पूर्वी शहर सामपुर पर अपनी पकड़ मज़बूत कर ली है.

सोमवार को ही इस शहर को सेना ने अपने नियंत्रण में लिया था.

सेना का कहना है कि वे बारूदी सुरंगों की तलाश कर रहे हैं और उसे हटा रहे हैं.

इस बीच अधिकारियों का कहना है कि त्रिंकोमाली में विद्रोहियों की ओर से हुई भीषण गोलीबारी में कम से एक सैनिक की मौत हुई है और चार अन्य लोग घायल हुए हैं.

विद्रोहियों ने सेना के इस दावे को झूठा बताया है कि त्रिंकोमाली तट पर महत्वपूर्ण ठिकानों पर उनकी पकड़ कमज़ोर पड़ गई है.

सेना के एक प्रवक्ता ने कहा है कि तमिल विद्रोही सामपुर छोड़ चुके हैं और सोमवार की रात से इस इलाक़े में कोई गोलीबारी नहीं की गई है.

कई दिनों की गोलाबारी के बाद सोमवार को ही सेना ने इस शहर पर कब्ज़ा किया था.

सेना का कहना है कि सामपुर पर सेना की पकड़ होने का मतलब है कि अब तमिल विद्रोही त्रिंकोमाली में नौसेना के अड्डे पर हमला नहीं कर सकेंगे और आपूर्ति को बाधित नहीं कर सकेंगे.

संवाददाताओं का कहना है कि वर्ष 2002 में हुए युद्धविराम के बाद से यह दोनों पक्षों में से एक को दुश्मन के खेमे में मिली सबसे बड़ी सफलता है.