रविवार, 03 सितंबर, 2006 को 10:13 GMT तक के समाचार
अफ़ग़ानिस्तान में नैटो ने कहा है कि अफ़ग़ान सेना और नैटो ने कंधार में शनिवार से शुरु हुए अभियान में 200 से ज़्यादा तालेबान लड़ाकों को मार दिया है.
नैटो के मुताबिक नैटो के नेतृत्व वाली सेना के चार सैनिक मारे गए हैं और सात घायल हुए हैं.
नैटो और अफ़ग़ान सेना ने शनिवार को पंजवाई ज़िले में विशेष अभियान शुरु किया है. पंजवाई को तालेबान का गढ़ माना जाता है.
इस अभियान में हिस्सा ले रहा एक ब्रितानी विमान शनिवार को कंधार में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था जिसमें 14 लोग मारे गए थे.
इस बात की भी जाँच शुरू हो गई है कि ये विमान दुर्घटनाग्रस्त क्यों हुआ.
मारे गए लोगों में ब्रिटेन की रॉयल एयर फ़ोर्स के 12 कर्मचारी, एक रॉयल मरीन और एक सैनिक शामिल था.
अंतरराष्ट्रीय सेना के कमांडरों ने इस बात से इनकार किया है कि विमान को विरोधी खेमे ने गिराया था.
कमांडरों का कहना है कि विमान के पायलटों ने दुर्घटना से पहले तकनीकी गड़बड़ी के बारे में बताया था.
ब्रिटेन के रक्षा मंत्री डेस ब्राउन ने कहा है कि विमान को तालेबान मिसाइल के हमले से उड़ाए जाने की बात बिल्कुल ग़लत है.