http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 31 अगस्त, 2006 को 10:52 GMT तक के समाचार

भैंस के बोझ से गंगा में डूबी नाव

बिहार की राजधानी पटना के निकट गंगा नदी की तेज धार में एक नाव के डूबने से लगभग 30 लोगों के बह जाने की आशंका है.

यह घटना गुरुवार सुबह लगभग 10 बज़े हुई जब सोनपुर से पूर्वी पटना के एक घाट की ओर आ रही नाव बीच नदी में पलट गई.

पटना के ज़िलाधिकारी बी राजेंदर ने बीबीसी को बताया कि इस नाव पर लगभग 60 लोग सवार थे लेकिन एक भैंस सहित मवेशियों को भी लाद देने के कारण वज़न बढ़ गया और नाव असंतुलित हो गई.

उन्होंने बताया कि नाव पर सवार 30 लोग तैर कर सुरक्षित बाहर आ गए हैं लेकिन लगभग 30 लोगों का कोई पता नहीं चला है.

बी राजेंदर ने कहा कि लापता लोगों की तलाश के लिए तीन गोताखोरों की मदद ली जा रही है.

ग़ौरतलब है कि पटना के निकट गंगा नदी में ऐसी घटनाएँ अक्सर होती रहती है.

इसके मद्देनज़र राज्य प्रशासन ने निजी नाव चलाने वालों पर निगरानी रखने की योजना बनाई थी लेकिन इसका कोई असर नहीं दिख रहा है.