सोमवार, 28 अगस्त, 2006 को 13:26 GMT तक के समाचार
ब्रितानी सरकार ने विमान में विस्फोट करने की कथित साजिश में शामिल रशीद रऊफ के प्रत्यर्पण का अनुरोध पाकिस्तान से किया है.
हालाँकि इस अनुरोध का संबंध विमानों में उड़ान के दौरान विस्फोट करने की साज़िश से नहीं है बल्कि ब्रिटेन में वर्ष 2002 में हुई हत्या के एक मामले से है.
ब्रिटिश नागरिकता ले चुके रउफ़ को इसी माह के शुरु में पाकिस्तान में गिरफ़्तार किया गया था.
पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने कहा था कि विमानों में विस्फोट करने की साज़िश में रउफ़ भी एक अहम सूत्रधार है.
ब्रितानी गृह मंत्रालय ने इस बात की पुष्टि की है कि रउफ़ को हत्या के मामले में ब्रिटेन के सुपुर्द करने का अनुरोध पाकिस्तान सरकार को भेजा गया है.
हालाँकि ब्रिटेन की पुलिस स्कॉटलैंड यार्ड ने हत्या के इस पुराने मामले पर विस्तार से बताने से मना कर दिया.
ब्रितानी सरकार के इस अनुरोध पर पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता तसनीम असलम ने कहा, "हम इस अनुरोध पर विचार कर रहे हैं."
पाकिस्तान और ब्रिटेन के बीच कोई प्रत्यर्पण संधि नहीं है, इसके बावजूद रविवार को पाकिस्तानी गृह मंत्री आफ़ताब शेरपाओ ने कहा था कि अनुरोध मिलने पर रउफ़ को ब्रिटेन के सुपुर्द किया जा सकता है.