सोमवार, 28 अगस्त, 2006 को 13:58 GMT तक के समाचार
श्रीलंका की सेना ने देश के पूर्वोत्तर में स्थित तमिल विद्रोहियों के नियंत्रण वाले इलाक़ों में ताज़ा सैनिक कार्रवाई शुरू की है.
स्थानीय अस्पतालों के हवाले से बताया गया है कि ताज़ा सैनिक कार्रवाई में 12 सैनिक मारे गए हैं और कम से कम 35 घायल हुए हैं.
सरकार का कहना है कि वह तमिल विद्रोहियों को सामपुर से खदेड़ना चाहती है. सामपुर का सामरिक रूप से काफ़ी महत्व है और यह त्रिंकोमली बंदरगाह पर निगरानी के लिए अहम स्थान है.
जाफ़ना में भी हिंसा की छिटपुट घटनाएँ जारी हैं. पिछले सप्ताह वहाँ से 150 लोगों को सुरक्षित निकाला गया.
रणनीति
कोलंबो से बीबीसी संवाददाता दुमिथा लूथरा का कहना है कि सेना और तमिल विद्रोहियों के बीच ताज़ा हिंसा का दौरा पूर्वोत्तर से ही शुरू हुआ था.
लेकिन बीच में जाफ़ना में लड़ाई तेज़ हो गई थी. अब एक बार फिर त्रिंकोमली में लड़ाई शुरू हो गई है. सरकार का कहना है कि वह सामपुर से विद्रोहियों को हटाना चाहती है.
दरअसल सामरिक रूप से अहम सामपुर से तमिल विद्रोही त्रिंकोमली बंदरगाह से होकर आने वाली आपूर्ति को आसानी से रोक देते हैं. साथ ही, यहाँ से वे नज़दीक के नौ-सैनिक अड्डे को भी अपना निशाना बनाते रहते हैं.
जानकारों का कहना है कि ताज़ा कार्रवाई निर्णायक हो सकती है. उनका कहना है कि सामपुर एलटीटीई के लिए बहुत महत्वपूर्ण है.
उत्तर में एलटीटीई के गढ़ को पूर्वी तटीय इलाक़ों से होकर दक्षिण से सामपुर ही जोड़ता है और तमिल विद्रोही इतनी आसानी से यहाँ से नहीं जाएँगे.