http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 28 अगस्त, 2006 को 08:07 GMT तक के समाचार

नारायण बारेठ और श्यामसुंदर
बीबीसी संवाददाता, जयपुर और बाड़मेर से

बाड़मेर ज़िले में बाढ़ का क़हर

राजस्थान में पिछले कुछ दिनों की भारी बारिश के कारण आई बाढ़ से लगभग 135 लोगों की मौत हो गई है और अनेक लोग विस्थापित हुए हैं. बाढ़ से बाड़मेर ज़िले में भारी तबाही हुई है.

अधिकारियों का कहना है कि अकेले बाड़मेर में 100 लोगों की मौत हुई है.

राजस्थान के पश्चिम में स्थित बाड़मेर ज़िला रेतीला और सूखा है, जहाँ पूरे साल बहने वाली कोई नदी भी नहीं है. आमतौर पर वहाँ सूखे की स्थिति बनी रहती है और बाढ़ तो शायद ही कभी आई हो.

वहाँ सेना को राहत अभियान में लगाया गया है और हेलिकॉप्टरों की मदद भी ली जा रही है.

राजस्थान में राहत मामलों को देखरेख कर रहे वरिष्ठ अधिकारी ललित पवार ने बीबीसी को बताया कि बाड़मेर में 100 शव बरामद हुए हैं और इनमें से 77 लोगों की शिनाख्त हो गई है.

उन्होंने बताया कि बाढ़ पीड़ित इलाक़ों में 40 चिकित्सा टीमें काम कर रही हैं. इसके अलावा 40 पशु चिकित्सकों के दलों को भी सक्रिय किया गया है.

राजस्थान में बाढ़ से निपटने में इसलिए मुश्किलें पेश आ रही है क्योंकि रेगिस्तानी इलाक़े में पानी निकालने की समुचित व्यवस्था नहीं है.

भारी तबाही

बाड़मेर के दो गाँव मलवा और कवास में बाढ़ के कारण भारी तबाही हुई है और दोनों गाँव लगभग डूब गए हैं.

अधिकारियों को मलवा गाँव को लेकर ज़्यादा उम्मीद नज़र आ रही और इसे अलग स्थान पर बसाने का फ़ैसला किया गया है. दूसरी ओर कवास गाँव में जमा पानी को निकालने के लिए बड़े पंपों की मदद ली जा रही है.

इसके अलावा प्रशासन ने लापता लोगों की तलाश में व्यापक अभियान छेड़ा है.

केंद्रीय गृह राज्यमंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल ने शनिवार को बाढ़ प्रभावित इलाक़ों का दौरा किया था और लापता लोगों की संख्या 300 बताई थी.

इधर राजस्थान सरकार ने रविवार को बाढ़ प्रभावित 12 ज़िलों में राहत कार्यों के लिए 100 करोड़ रुपए जारी किए थे.