शनिवार, 26 अगस्त, 2006 को 14:32 GMT तक के समाचार
राजस्थान और उड़ीसा के कई इलाक़ों में भारी बारिश के कारण आई बाढ़ से लगभग 160 मारे गए हैं और अनेक लोग विस्थापित हुए हैं.
राजस्थान में बाढ़ से मरने वालों की संख़्या 93 हो गई है और उड़ीसा में ये संख्या 67 है. उड़ीसा में लगभग बीस लाख लोग बाढ़ से प्रभीवित हुए हैं.
उधर राजस्थान में राहत मामलों के मंत्री केएल मीना ने बीबीसी को बताया कि लगभग 20 हज़ार लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं.
बाड़मेर में बुरा हाल
राजस्थान के बाड़मेर ज़िले में भीषण वर्षा के कारण मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है.
राजस्थान के पश्चिम में स्थित बाड़मेर ज़िला रेतीला और सूखा है, जहाँ पूरे साल बहने वाली कोई नदी भी नहीं है. आमतौर पर वहाँ सूखे की स्थिति बनी रहती है और बाढ़ तो शायद ही कभी आई हो.
वहाँ भारतीय सेना के लोग राहत अभियान में भाग ले रहे हैं और हेलिकॉप्टरों की मदद भी ली जा रही है.
समाचार एजेंसियों के अनुसार राजस्थान में बाढ़ से निपटने में इसलिए मुश्किलें पेश आ रही है क्योंकि रेगिस्तानी इलाक़े में पानी निकालने की समुचित व्यवस्था नहीं है.
राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने मंगलवार को बाढ़ प्रभावित इलाक़ों का दौरा किया था और राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा की थी.
उड़ीसा में भी स्थिति गंभीर
उड़ीसा में भी बाढ़ से स्थित गंभीर बनी हुई है. वहाँ का जाजपुर ज़िला इससे सबसे अधिक प्रभावित है और हज़ारों लोग पानी में फँसे हुए हैं.
उड़ीसा की दो प्रमुख नदियाँ वैतरणी और ब्राह्मणी ने ज़िले में 16 स्थानों पर तटबंधों को तोड़ दिया और इसका पानी कई गाँवों में घुस गया.
जाजपुर के एक ज़िला अधिकारी अरबिंदा पाद्धी का कहना है कि प्रशासन बीस पावर-बोट के ज़रिए फँसे हुए लोगों तक पहुँचने की कोशिश कर रहा है.