शनिवार, 26 अगस्त, 2006 को 07:23 GMT तक के समाचार
नेपाल के अंतरिम संविधान के मसौदे में राजशाही के भविष्य पर जनमत संग्रह कराने और सेना पर असैनिक नेतृत्व के नियंत्रण का प्रस्ताव है.
समाचार एजेंसियों के अनुसार संविधान का मसौदा सरकार और माओवादियों को उपलब्ध करा दिया गया है. दो महीने पहले एक समिति को संविधान का मसौदा तैयार करने का काम सौंपा गया था.
मसौदा तैयार करने वाली समिति के एक सदस्य के हवाले से कहा गया है कि उसमें राजशाही के भविष्य पर संविधान सभा चुनाव के साथ ही जनमत संग्रह कराने का प्रस्ताव है.
समाचार एजेंसियों के अनुसार ये भी सुझाया गया है कि सेना प्रधानमंत्री के नियंत्रण में होनी चाहिए. मई में संसदीय घोषणा के बाद नेपाल नरेश से सेना का नियंत्रण ले लिया गया था.
अंतरिम संविधान के मसौदे में राजा से सभी अधिकार ले लेने का प्रस्ताव है लेकिन रानी और राजघराने के अन्य सदस्यों के बारे में कुछ नहीं कहा गया है.
इसके अनुसार प्रभुसत्ता नेपाल की जनता की होगी.
नेपाल में अगले साल चुनाव कराए जाने हैं.