http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 24 अगस्त, 2006 को 20:26 GMT तक के समाचार

अफ़गानिस्तान मे नैटो अभियान पर विवाद

पूर्वी अफ़गानिस्तान में उत्तरी एटलांटिक संधि संगठन यानी नैटो और अफ़गान सुरक्षा बलों के साझा अभियान में आठ लोगों की मौत हो गई है.

अंतरराष्ट्रीय सेना के मुताबिक क़ुनार प्रांत में गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई में अल-क़ायदा के सात संदिग्ध चरमपंथी मारे गए.

दूसरी ओर स्थानीय लोगों का कहना है कि ये चरमपंथी नहीं थे बल्कि कबायली समाज के वरिष्ठ लोग थे जो एक विवाद के समाधान के लिए वहाँ एकत्रित हुए थे.

मारे गए लोगों में एक बच्चा भी शामिल है.

ग़ौरतलब है कि इस वर्ष पूरे अफ़गानिस्तान में चरमपंथी हिंसा तेज़ी से बढ़ी है जिसमें सैंकड़ो लोग मारे गए हैं.

अमरीकी सेना ने अपने बयान में कहा है, "अफ़गान और गठबंधन देशों की सेनाएँ एक परिसर की ओर बढ़ रही थी तभी उन पर भारी गोलीबारी शुरु हुई जिसका जवाब दिया गया."

गठबंधन सेना के प्रवक्ता कर्नल थॉमस कॉलिन ने कहा कि अल-क़ायदा जान बूझ कर महिलाओं और बच्चों को हथियार के रुप में इस्तेमाल करता है ताकि उनके अवैध और अनैतिक गतिविधियों पर आँच न आने पाए.

काबुल स्थित बीबीसी संवाददाता रोलैं बुएर्क के मुताबिक हाल के दिनों में कुनार प्रांत में अमरीकी सेना को भारी लड़ाई का सामना करना पड़ रहा है.