बुधवार, 23 अगस्त, 2006 को 20:21 GMT तक के समाचार
नैटो और अफ़गान सुरक्षाकर्मियों ने दक्षिणी अफ़गानिस्तान में हुई झड़प में कम से कम 29 तालेबान लड़ाकों के मारे जाने का दावा किया है.
अफ़गानिस्तान की सेना का कहना है कि 18 तालेबान लड़ाके ज़ाबुल प्रांत में सुरक्षाकर्मियों के साथ मुठभेड़ में मारे गए.
नैटो ने कहा है कि कंधार प्रांत में भी एक चरमपंथी ठिकाने पर हुए हवाई हमले में 11 तालेबान लड़ाके मारे गए हैं.
वर्ष 2001 में तालेबन को सत्ता से बेदखल किए जाने के बाद से सैंकड़ों लोग हिंसा के शिकार हो चुके हैं.
संघर्ष
अफ़गान सेना के मुताबिक ज़ाबुल में एक सुरक्षा चौकी पर चरमपंथियों ने हमला किया जिसके जवाब में गोलीबारी हुई.
उधर कंधार में सड़क किनाने हुए विस्फ़ोटों में तीन आम नागरिकों की मौत हो गई है.
नैटो के प्रवक्ता मेजर स्कॉट लुंडी ने कहा कि मंगलवार को हवाई हमला इसलिए किया गया कि वहाँ लगभग 15 चरमपंथी कहीं हमले की योजना बना रहे थे.