http://www.bbcchindi.com

रविवार, 20 अगस्त, 2006 को 15:05 GMT तक के समाचार

नेपाल सरकार ने फ़ैसला वापस लिया

नेपाल में सरकार ने ईंधन के दाम बढ़ाने के विवादास्पद फ़ैसले को वापस ले लिया है.

इस फ़ैसले के विरोध में पिछले दो दिनों से विरोध प्रदर्शन हो रहे थे.

नेपाल सरकार ने कहा है कि उसने सरकारी तेल कंपनी से कहा है कि वो मूल्य वृद्धि को वापस ले.

शुक्रवार को पेट्रोल और मिट्टी के तेल के दाम में 25 फ़ीसदी की बढ़ोत्तरी की गई थी. डीज़ल के दाम भी बढ़ाए गए थे.

ईंधन के मूल्य में बढ़ोत्तरी के लिए सरकारी तेल कंपनी को हुए घाटे को वजह बताया गया था.

नेपाल सरकार ने कहा था कि सरकारी तेल कंपनी पर कर्ज़ का बोझ है.

इस बढ़ोत्तरी के विरोध में नेपाल की राजधानी काठमांडू में रविवार को दुकानें बंद रहीं और सड़कों पर यातायात भी बाधित रहा.

ये विरोध प्रदर्शन पिछले दो दिनों से हो रहे हैं.

काठमांडू में सड़कों पर जले हुए टायर बिखरे पड़े हैं. शहर में कई इमारतों, पेट्रोल स्टेशनों और वाहनों को भी जला दिया गया.

नाराज़ लोग सड़कों पर नारे लगाते नज़र आए जिनमें से कई माओवादियों के पक्ष में नारे लगा रहे थे.

इससे पहले शनिवार को प्रदर्शनकारियों ने काठमांडू की ओर जाने वाले और वहाँ से आने वाले रास्तों को रोके रखा.