रविवार, 20 अगस्त, 2006 को 21:14 GMT तक के समाचार
उत्तरी और मध्य गुजरात में बाढ़ से उत्पन्न स्थिति गंभीर बनी हुई है जबकि राजधानी अहमदाबाद में राहत कार्यों में मदद के लिए सेना को बुलाया गया और हज़ारों लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुँचाया गया है.
समाचार एजेंसियों के अनुसार देश के कई राज्यों में बाढ़ की स्थिति गंभीर है.
उड़ीसा में लगभग एक हज़ार गाँव, राजस्थान का उदयपुर ज़िला, आध्र प्रदेश का वेस्ट गोदावरी ज़िला और मध्यप्रदेश में चंबल नदी का कुछ इलाक़ भी बाढ़ से प्रभावित है.
समाचार एजेंसियों के अनुसार अहमदाबाद में दमकल कर्मचारियों ने कई जगह पर फँसे हुए लोगों को सुरक्षित जगहों तक पहुँचाया.
उत्तरी गुजरात में मूसलाधार बारिश हो रही है. साबरमती नदी में पानी ख़तरे के निशान से ऊपर बह रहा है और पानी अहमदाबाद ज़िले के कई गावों में घुस गया है.
शनिवार को पाँच ज़िलों में बाढ़ का पानी आ जाने के बाद 60 हज़ार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया गया था.
धरोही और कादाना बाँधों से पानी छोड़े जाने के बाद अहमदाबाद, पंचमहल, खेदा, आनंद और वडोदरा के निचले इलाक़ों में बाढ़ का पानी भर गया था.
अधिकारियों का कहना है कि पानी इसलिए छोड़ना पड़ा क्योंकि बाँध वाले क्षेत्र में भीषण वर्षा हुई थी और जल का स्तर बढ़ गया था.
इस बार बारिश के मौसम में पूरे राज्य में 160 लोग अपनी जान गँवा चुके हैं.
महत्वपूर्ण है कि हाल में सूरत में आई बाढ़ से शहर बुरी तरह प्रभावित हुआ था. पूरे शहर में पानी भर गया था और कई लोग मारे गए थे.
सूरत में व्यापक सफाई अभियान छेड़ा गया है ताकि किसी महामारी को फैलने से रोका जा सके और मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इसका निरीक्षण किया था.