http://www.bbcchindi.com

रविवार, 20 अगस्त, 2006 को 07:35 GMT तक के समाचार

'बड़ी संख्या में तालेबान चरमपंथी मारे गए'

दक्षिणी अफ़ग़ानिस्तान की पुलिस का कहना है कि उसने 70 से ज़्यादा तालेबान लड़ाकों के शव बरामद किए हैं, जो एक बगीचे में बिखरे हुए थे.

पुलिस का कहना है कि ये तालेबान लड़ाके नैटो सैनिकों और अफ़ग़ान पुलिसकर्मियों के साथ संघर्ष में मारे गए हैं. संघर्ष के दौरान चार अफ़ग़ान पुलिसकर्मी भी मारे गए.

उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन यानी नैटो के एक प्रवक्ता मेजर स्कॉट लॉन्डी ने इस संघर्ष को सफल बताया है. लेकिन एक तालेबान प्रवक्ता ने दावा किया है कि उसके सिर्फ़ 12 लड़ाके मारे गए हैं.

अफ़ग़ान अधिकारियों ने बताया कि कंधार के उत्तर पश्चिम में स्थित पंजवाई ज़िले में तालेबान लड़ाकों ने सरकारी क्वार्टर पर हमला कर दिया जिसके बाद नैटो सैनिकों और अफ़ग़ान पुलिसकर्मियों ने जवाबी कार्रवाई की.

अफ़ग़ानिस्तान में बढ़ती हिंसा की वजह

नैटो की सेना अमरीकी सेना और अफ़ग़ान पुलिसकर्मियों के साथ इस इलाक़े में तालेबान चरमपंथियों के ख़िलाफ़ अभियान चला रही है.

संघर्ष

ताज़ा संघर्ष ऐसे समय हुआ है जब एक दिन पहले ही यानी शनिवार को देश के अलग-अलग हिस्सों में तालेबान के साथ लड़ाई में चार नैटो सैनिक और एक अफ़ग़ान सैनिक मारा गया था.

पंजावी ज़िला कंधार से दक्षिण पश्चिम में स्थित है. राजधानी काबुल में नैटो के एक प्रवक्ता ने इस कार्रवाई को सफल बताया.

उन्होंने बताया कि नैटो सेना ने अफ़ग़ान पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर तालेबान को ज़बरदस्त नुक़सान पहुँचाया है.

अफ़ग़ानिस्तान में तालेबान शासन की समाप्ति और हामिद करज़ई की सरकार के गठन के बाद से देश के दक्षिणी इलाक़े में हिंसा की घटनाएँ बढी हैं.

हाल ही में दक्षिणी प्रांत की कमान नैटो सैनिकों को सौंपी गई है. पहले इसका नियंत्रण अमरीकी सेना के हाथ में था.