शनिवार, 19 अगस्त, 2006 को 19:48 GMT तक के समाचार
श्रीलंका में सेना का कहना है कि उसने जाफ़ना के क्षेत्र में समुद्र के तट पर स्थित तमिल विद्रोहियों के अड्डों पर हमले किए हैं.
सेना का कहना है कि इन अड्डों से विद्रोही सरकारी ठिकानों पर हमले करते थे.
सेना के प्रवक्ता उपाली राजपक्से ने कहा है कि सेना ने उन नौकाओं में से अधिकतर को नष्ट कर दिया है जिनके ज़रिए श्रीलंका की नौसेना के ख़िलाफ़ आत्मघाती हमले किए जाते थे.
उन्होंने तमिल समर्थक वेबसाइट पर चल रही उस ख़बर का खंडन किया जिसमें कहा गया था कि असैनिक ठिकाने पर चार बम गिराए जाने के कारण चार आम नागरिक घायल हो गए.
शुक्रवार को राहत एजेंसियों ने चेतावनी दी थी कि एक सप्ताह से चल रही लड़ाई के कारण उत्तरी जाफ़ना प्रायद्वीप देश के दूसरे हिस्सों से कट गया है.
उनका कहना था कि इस कारण से हज़ारों लोगों तक राहत सामग्री पहुँचाने में मुश्किल आ रही है.
संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक़ जाफ़ना में खाद्य सामग्री और पानी की आपूर्ति काफ़ी कम है.