शनिवार, 19 अगस्त, 2006 को 20:23 GMT तक के समाचार
भारतीय सेना के प्रमुख जनरल जोगिंदर जसवंत सिंह रक्षा के क्षेत्र में सहयोग पर बातचीत करने के लिए रविवार को रूस की राजधानी मॉस्को जा रहे हैं.
वे रूस में उन हथियार प्रणालियों और कलपुर्ज़ों की समय पर सप्लाई के लिए गारंटी माँगेगे जिनके लिए भारत-रूस के बीच अनुबंध हो चुका है.
पर्यवेक्षकों का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में केंद्र सरकार इस बारे में काफ़ी चिंतित है.
जनरल जेजे सिंह मॉस्को में रूसी रक्षा मंत्रालय में चीफ़ ऑफ़ जेनरल स्टाफ़ से मिलेंगे और कई सैनिक अड्डों का दोरा भी करेंगे.
भारत की हथियारों की ख़रीद सबसे ज़्यादा संख्या में रूस से होती है.
ये भी संभावना जताई गई है कि वे रूसी अधिकारियों से अगले साल रूस में होने वाली भारत-रूस और नेटो के संयुक्त सैन्य अभ्यास के बारे में बातचीत करेंगे.