http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 19 अगस्त, 2006 को 02:55 GMT तक के समाचार

जगत सिंह कांग्रेस से निलंबित किए गए

पूर्व विदेशमंत्री नटवर सिंह के बेटे और इराक़ में तेल के बदले अनाज कार्यक्रम में अपनी भूमिका को लेकर चर्चा में रहे विधायक जगत सिंह को कांग्रेस पार्टी ने निलंबित कर दिया गया है.

शुक्रवार को लिए गए इस निर्णय के बारे में पत्रकारों को जानकारी देते हुए राजस्थान कांग्रेस के अध्यक्ष बीडी कल्ला ने बताया कि उन्हें पार्टी से छह वर्षों के लिए निलंबित करने का निर्णय लिया गया है.

उन्होंने यह भी बताया कि पार्टी की ओर से जारी एक कारण बताओ नोटिस में जगत सिंह से पूछा गया है कि वो इस बारे में अपना स्पष्टीकरण दें कि उन्हें पार्टी से क्यों न निकाला जाए.

इस नोटिस पर जवाब देने के लिए जगत सिंह को 14 दिनों का समय दिया गया है.

पार्टी ने उनपर ग़लतियाँ करने, अनुशासनहीनता और पार्टी की छवि को नुकसान पहुँचाने जैसे आरोप लगाते हुए उन्हें निलंबित किया है.

भूमिका पर सवाल

उनके निलंबन के बारे में कल्ला ने कहा, "उन्होंने न केवल पार्टी में उनको दिए गए स्थान का दुरुपयोग किया बल्कि वो पार्टी विरोधी गतिविधियों में भी शामिल रहे और पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं के बारे में कई मौकों पर ग़लत बातें कहीं जिससे पार्टी की छवि को नुकसान पहुँचा है."

ग़ौरतलब है कि इससे ठीक 10 दिन पहले यानी आठ अगस्त को जगत सिंह के पिता और पूर्व विदेश मंत्री नटवर सिंह को पार्टी ने निलंबित कर दिया था.

पार्टी ने संयुक्त राष्ट्र की वोल्कर रिपोर्ट के बाद तेल के बदले अनाज कार्यक्रम में नटवर सिंह की भूमिका को लेकर उठे सवालों की जाँच कर रहे पाठक आयोग की रिपोर्ट पर विचार करते हुए यह क़दम उठाया.

पाठक आयोग की रिपोर्ट में कहा गया था कि हालांकि इस योजना से नटवर सिंह ने कोई आर्थिक लाभ नहीं उठाया पर पार्टी में अपने पद का इस्तेमाल करके इस योजना को प्रभावित ज़रूर किया है.