शुक्रवार, 18 अगस्त, 2006 को 19:03 GMT तक के समाचार
आंध्र प्रदेश के अधिकारियों का कहना है कि प्रतिबंधित संगठन सीपीआई माओवादी विद्रोहियों के हमले में तीन पुलिसकर्मी मारे गए हैं.
अधिकारियों के मुताबिक़ माओवादियों ने नालगोंडा ज़िले में एक पुलिस स्टेशन पर हमला करके तीन पुलिसकर्मियों को मार दिया.
ये घटना शुक्रवार रात को हुई. राज्य के गृह मंत्री के जना रेड्डी ने बताया कि सशस्त्र माओवादियों ने इन पुलिसकर्मियों को उनके क्वार्टर से निकाल कर गोली मार दी.
पुलिस ने बताया है कि माओवादी विद्रोहियों की तलाश के लिए व्यापक अभियान शुरू किया गया है.
बीबीसी संवाददाता उमर फ़ारूक़ के अनुसार ये हमला ऐसे समय हुआ है जब माओवादियों की धमकी के कारण राज्य हाई अलर्ट पर है.
सिर्फ़ इस साल माओवादियों के हमले और पुलिस की जवाबी कार्रवाई में 200 से ज़्यादा लोग मारे जा चुके हैं.