http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 17 अगस्त, 2006 को 16:49 GMT तक के समाचार

बम से 12 अफ़ग़ान पुलिसकर्मी मारे गए

अफ़ग़ानिस्तान में अधिकारियों ने कहा है कि अमरीकी नेतृत्व वाले विदेशी गठबंधन के एक विमान से गिराए गए एक बम से कम से कम 12 अफ़ग़ान पुलिसकर्मी मारे गए हैं.

अमरीकी सेना ने कहा है कि उसे यह ख़बर मिल गई है और मामले की जाँच की जा रही है. अमरीकी सेना ने इस घटना के बारे में इसके अलावा और कोई जानकारी नहीं दी है.

अफ़ग़ान सीमा पुलिस के उप प्रमुख जनरल अब्दुल रहमान ने कहा कि बम गिराने की यह घटना गुरूवार को पक्तिका प्रांत के तरवा इलाक़े में हुई.

अमरीकी और नैटो सेनाओं अफ़ग़ानिस्तान में तालेबान के साथ लड़ रही हैं और उनकी ज़्यादातर लड़ाई दक्षिणी और पूर्वी प्रांतों में हो रही है.

इस घटना के अलावा गुरूवार को ही कुछ बंदूकधारियों ने दक्षिणी प्रांत कंधार में कम से कम 15 लोगों का अपहरण कर लिया जिनमें कुछ डॉक्टर और नर्सें भी हैं.

'फ्रेंडली फायर'

जनरल रहमान ने कहा कि विदेशी गठबंध के सैन्य विमान ने ग़लती से एक बम पुलिस के एक सीमा गश्ती दल पर गिरा दिया जिसमें कम से कम 12 पुलिकर्मियों की मौत हो गई.

उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों के शव पक्तिका प्रांत की राजधानी शरन लाए गए हैं.

एक अन्य अफ़ग़ान अधिकारी ने बताया कि इस घटना में दो लोग ज़ख़्मी भी हुए हैं.

अमरीकी सेना के प्रवक्ता कर्नल टॉम कॉलिन्स ने कहा कि इस घटना की जाँच की जा रही है.

अफ़ग़ानिस्तान में 2001 में तालेबान शासन पर अमरीकी नेतृत्व वाले विदेशी गठबंधन के हमले के बाद से विदेशी सैनिकों के साथ ऐसी अनेक घटनाएँ हुई हैं जिनमें अपने ही सहयोगी सुरक्षा बलों को निशाना बनाया गया है. ऐसी घटनाओं को 'फ्रेंडली फायर' यानी ग़लती से हुई घटना कहा जाता है.

2002 में एक अमरीक बम गिराए जाने से कनाडा के चार सैनिकों की मौत हो गई थी. वे सैनिक उस समय कंधार के निकट आग से निपटने का प्रशिक्षण ले रहे थे.

2004 में ख़ोस्त प्रांत में एक गश्ती काफ़िले पर गोलीबारी की गई थी जिसमें अमरीकी सैनिक पैट टिलमैन मारे गए थे. पैट टिलमैन सेना में भर्ती होने से पहले फुटबॉल खिलाड़ी थे.

अक्तूबर 2005 में अमरीकी नेतृत्व वाले विदेशी गठबंधन ने हेलमंद प्रांत में चार अफ़ग़ान पुलिसकर्मियों को चरमपंथी होने के संदेह में मार दिया था.

विदेशी गठबंधन ने बुधवार को कंधार प्रांत के उस गाँव में परिवारों की सहायता, पुनर्निर्माण और विकास परियोजनाओं के लिए 90 हज़ार डॉलर की रक़म देने की पेशकश की है.

उस गाँव में गठबंधन सैनिकों और तालेबान लड़ाकों की बीच लड़ाई में 16 आम लोग मारे गए थे.