गुरुवार, 17 अगस्त, 2006 को 06:45 GMT तक के समाचार
अफ़ग़ानिस्तान में अमरीकी नेतृत्व वाली गठबंधन सेना का दावा है कि उन्होंने देश के पूर्वी हिस्से में आठ चरमपंथियों को मार गिराया है.
गठबंधन सेना की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि यह घटना तब हुई जब कुनार प्रांत में चरमपंथियों ने सेना पर हमला किया.
यह भी बताया गया कि इस मुठभेड़ में सेना का कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ है.
इस उत्तर-पूर्वी सीमा वाले क्षेत्र में तालिबानी और सरकार के ख़िलाफ़ लड़ रहे समूह सक्रिय हैं.
प्राप्त जानकारी के मुताबिक यह घटना प्रांत के असदाबाद ज़िले में हुई.
ग़ौरतलब है कि पिछले कुछ समय में चरमपंथियों ने सरकार और विदेशी ताकतों के ख़िलाफ़ अपने संघर्ष को और तेज़ कर दिया है.
ऐसा पूर्वी और दक्षिणी अफ़ग़ानिस्तान में ज़्यादा देखने को मिल रहा है.
कुछ समय पहले ही दक्षिणी अफ़ग़ानिस्तान में उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन(नैटो) की शांति सेना बहाल की गई है ताकि वहाँ की सरकार देश के कई हिस्सों में अपने प्रभाव को बढ़ा सके.
हालांकि इस शांति सेना का ज़्यादातर वक्त चरमपंथियों से लड़ाई करने में जा रहा है.