बुधवार, 16 अगस्त, 2006 को 05:46 GMT तक के समाचार
नेपाल में बीस से ज़्यादा मानवाधिकार संगठनों ने लेफ़्टिनेंट जनरल रुकमंगद कटुवाल को कार्यवाहक सेना प्रमुख बनाने का विरोध किया है.
इन संगठनों ने नेपाल सरकार से लेफ़्टिनेंट जनरल कटुवाल की नियुक्ति को रद्द करने की माँग की है.
नेपाली सेना के प्रमुख जनरल प्यार जंग थापा पिछले महीने से एक माह की छुट्टी पर हैं और ज़ल्दी ही सेवानिवृत्त होने वाले हैं.
उनके छुट्टी लेने के बाद नेपाल सरकार ने कटुवाल को कार्यवाहक सेनाध्यक्ष बनाने का फ़ैसला किया था.
मानवाधिकार संगठनों का आरोप है कि इस वर्ष शुरु में जब राजशाही के ख़िलाफ़ लोकतांत्रिक आँदोलन हुए थे तब लेफ्टिनेंट जनरल कटुवाल ने आँदोलनकारियों के ख़िलाफ़ ज़्यादती की थी.
उन पर मध्य पश्चिम सैन्य कमान का प्रमुख रहते हुए मानवाधिकारों का उल्लंघन करने का भी आरोप है.
लोकतंत्र समर्थक आँदोलनकारियों के साथ हुई कथित ज़्यादती में जनरल जंग और कटुवाल की भूमिका पर न्यायिक आयोग उनसे पूछताछ कर चुकी है.
आयोग ने अभी तक रिपोर्ट नहीं सौंपी है.