http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 15 अगस्त, 2006 को 07:15 GMT तक के समाचार

सेना और एलटीटीई के बीच संघर्ष जारी

उत्तरी श्रीलंका में सेना और तमिल विद्रोहियों यानी एलटीटीई के बीच भारी संघर्ष चल रहा है. सबसे अधिक गोलाबारी जाफ़ना प्रायद्वीप में हो रही है.

सोमवार को राजधानी कोलंबो में पाकिस्तानी उच्चायुक्त के काफिले को लक्ष्य बना कर किए गए बम विस्फोट में सात लोग मारे गए थे.

श्रीलंकाई वायुसेना ने विद्रोहियों को लक्ष्य बना कर हवाई हमले किए हैं. इनमें कम से कम 19 तमिल मारे गए.

इसके बाद जवाबी हमले की आशंका को देखते हुए सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं.

जाफ़ना लड़ाई का केंद्र बन गया है. श्रीलंका सरकार के मुताबिक तमिल विद्रोही सरकार के नियंत्रण वाले क्षेत्र में घुस आए हैं.

इसे देखते हुए व्यापक तलाशी अभियान चलाया जा रहा है.

श्रीलंका में वर्ष 2002 में एलटीटीई और सरकार के बीच युद्धविराम समझौता होने के बाद पिछले महीने से ही दोनों पक्षों के बीच कई मोर्चे खुल चुके हैं.

इसके बावजूद दोनों पक्षों में से किसी ने युद्धविराम समझौते को ख़ारिज नहीं किया है.