http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 15 अगस्त, 2006 को 06:38 GMT तक के समाचार

शाहरुख़ के सुरक्षाकर्मी की हत्या

बॉलीवुड स्टार शाहरुख़ खान के घर में तैनात सुरक्षाकर्मी की उसके अपने ही सहयोगी ने गोली मार कर हत्या कर दी है.

इसे आपसी झगड़े का परिणाम माना जा रहा है.

ये हादसा मंगलवार तड़के शाहरुख़ के मुंबई स्थित आलीशान बंगले के मुख्य द्वार पर हुआ.

इस घटना के समय शाहरुख़ घर में ही मौजूद थे. उनके बंगले की सुरक्षा मे कई गार्ड तैनात रहते हैं.

मुंबई स्थित बीबीसी संवाददाता ज़ुबैर अहमद के मुताबिक पुलिस को जानकारी मिली है कि दो सुरक्षाकर्मियों में आपस में झगड़ा हुआ था जिसके बाद एक ने दूसरे सहयोगी को गोली मार दी.

आस पास के अन्य घरों में तैनात सुरक्षाकर्मियों का भी कहना है कि गोली चलने से पहले दोनों के बीच तू तू मैं मैं हुई थी.

पुलिस पूरे मामले की जाँच पड़ताल कर रही है.