मंगलवार, 15 अगस्त, 2006 को 18:50 GMT तक के समाचार
पाकिस्तान सेना ने आरोप लगाया है कि भारतीय सेना ने नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी की है जिससे दो नवयुवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
उसका कहना है कि यह 2003 में हुए युद्धविराम समझौते का उल्लंघन है.
ये घटना पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर के रावलकोट इलाक़े में हुई. पिछले दिनों इसी इलाक़े में भूकंप से भारी तबाही हुई थी.
पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर की राजधानी मुज़फ्फ़राबाद में पाकिस्तानी सेना के एक प्रवक्ता मेजर फ़ारूक़ नसीर ने कहा कि जब दो नवयुवक अपने घर की मरम्मत के लिए रेत बटोर रहे थे, उस दौरान उन पर गोली चलाई गई.
इन दोनों घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है.
सेना का प्रवक्ता का कहना था कि भारतीय सैनिकों ने हल्के हथियार इस्तेमाल किए.
प्रवक्ता का कहना था कि दोनों नवयुवक नियंत्रण रेखा से 400 गज़ अंदर और पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में थे.
पाकिस्तानी सेना का कहना है कि उसने संयम बरता और कोई जवाबी कार्रवाई नहीं की.
पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर के प्रधानमंत्री सरदार अतीक़ अहमद ख़ान ने इस घटना की निंदा की है और इसे दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया है.
दूसरी ओर भारतीय सेना ने किसी भी गोलीबारी की घटना से इनकार किया है और कहा है कि युद्धविराम कायम है.