http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 14 अगस्त, 2006 को 10:03 GMT तक के समाचार

राजीव खन्ना
बीबीसी संवाददाता, अहमदाबाद

सूरत शहर में व्यापक सफ़ाई अभियान

गुजरात सरकार ने बाढ़ से प्रभावित सूरत शहर में साफ़-सफ़ाई का एक बड़ा अभियान चलाया है ताकि महामारी फैलने से रोकी जा सके.

बाढ़ के कारण सूरत शहर में पानी भर गया था और कई लोग मारे गए थे. राज्य के स्वास्थ्य मंत्री आईके जडेजा ने बीबीसी को बताया कि शहर में महामारी का ख़तरा नहीं है.

उन्होंने बताया कि पिछले दो दिनों के दौरान चार सौ से ज़्यादा स्वास्थ्य कर्मियों की टीमों ने तीन लाख लोगों से संपर्क किया और केवल 21 हज़ार लोगों ने स्वास्थ्य संबंधी थोड़ी-बहुत शिकायत की.

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि लोगों ने खुजली, सिर दर्द और पेट संबंधी समस्या के बारे में स्वास्थ्य टीम को जानकारी दी.

अभियान

उन्होंने बताया कि सूरत में 550 से ज़्यादा मेडिकल स्टोर भी इस अभियान में जुटे हुए हैं और लोगों को साफ़ पानी उपलब्ध कराया जा रहा है.

इस बीच राज्य सरकार ने बाढ़ में मरने वालों की संख्या 69 बताई है.

अधिकारियों के मुताबिक़ इसके अलावा एक इमारत के गिरने के कारण 32 लोगों की मौत हो गई थी लेकिन उनके रिश्तेदारों ने प्रशासन को सूचित किए बिना उनका अंतिम संस्कार कर दिया.

हालाँकि मीडिया रिपोर्टों में बाढ़ में मरने वालों की संख्या 300 के आसपास बताई जा रही है. केंद्र सरकार ने गुजरात में बाढ़ प्रभावितों के लिए पाँच अरब रुपए की सहायता की घोषणा की है.