http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 14 अगस्त, 2006 को 02:01 GMT तक के समाचार

राजा की भूमिका पूरी तरह ख़त्म हो-प्रचंड

नेपाल में माओवादियों के नेता पुष्पकमल दहल उर्फ़ प्रचंड ने कहा है कि अगले साल होने वाले संविधान सभा के चुनाव में राजा की कोई भूमिका नहीं होनी चाहिए.

उन्होंने झापा ज़िले में पत्रकारों से कहा कि उनकी पार्टी का मत है कि नई सरकार में नेपाल नरेश की 'सांकेतिक भूमिका' भी नहीं होनी चाहिए.

प्रचंड ने बिना किसी देश का नाम लिए हुए कहा कि विदेशी ताकतें राजशाही को बनाए रखने की कोशिश कर रही है.

उन्होंने कहा कि शासकीय प्रणाली से राजशाही की पूर्ण विदाई के लिए वो विभिन्न राजनैतिक दलों से बातचीत कर रहे हैं.

कोइराला
ग़ौरतलब है कि प्रधानमंत्री गिरिजा प्रसाद कोइराला ने एक हफ़्ते पहले कहा था कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में राजा के लिए जगह होनी चाहिए.

पिछले वर्ष नेपाल नरेश ज्ञानेंद्र के सत्ता की बागडोर सीधे अपने नियंत्रण में ले लेने के बाद कोइराला की पार्टी नेपाली कॉंग्रेस ने राजमहल से अपनी निकटता ख़त्म करने की घोषणा की थी.

इस वर्ष अप्रैल में व्यापक जनआँदोलन के बाद नेपाल नरेश ने सत्ता सात दलों के गठबंधन को सौंप दी.