शनिवार, 12 अगस्त, 2006 को 12:36 GMT तक के समाचार
श्रीलंका में सेना और एलटीटीई के बीच भीषण लड़ाई जारी है. कई मोर्चों पर चल रही लड़ाई में सेना ने 100 से ज़्यादा तमिल विद्रोहियों को मारने का दावा किया है.
सरकारी सेना और एलटीटीई के बीच देश के उत्तर में स्थित जाफ़ना प्रायद्वीप में भीषण लड़ाई चल रही है. श्रीलंका सरकार के एक प्रवक्ता केहेलिया रामबुकवेला ने बताया कि लड़ाई में 300 से ज़्यादा तमिल विद्रोही घायल भी हुए हैं.
उन्होंने बताया कि लड़ाई में 27 सैनिक भी मारे गए हैं और 80 घायल हैं. सरकारी प्रवक्ता ने यह भी जानकारी दी कि सेना ने एलटीटीई के पाँच नौकाओं को डुबो दिया है.
इसके साथ-साथ तमिल विद्रोहियों के ठिकाने पर ज़बरदस्त बमबारी की जा रही है. इस बीच एलटीटीई ने भी पूर्वोत्तर शहर त्रिंकोमाली में नौसेना के एक अड्डे पर हमला किया है.
विवाद
त्रिंकोमाली में ही एक नहर से पानी छोड़ने को लेकर विवाद के कारण हिंसा का नया दौर शुरू हुआ है. एलटीटीई और सरकारी सेना में छिड़ी भीषण लड़ाई के कारण अभी तक 50 हज़ार लोग इलाक़े से पलायन कर चुके हैं.
इस बीच एलटीटीई और सरकार के बीच मध्यस्थता करने वाले नॉर्वे के एक पर्यवेक्षक मेजर जनरल उल्फ़ हेनरिक्सन ने कहा, "ऐसा लगता है कि दोनों पक्ष हिंसा जारी रखना चाहते हैं."
एलटीटीई और सरकारी सेना के बीच इस समय तीन मोर्चों पर लड़ाई चल रही है. जाफ़ना, त्रिंकोमाली के साथ-साथ मोकोमोली में भी सैनिक और तमिल विद्रोहियों के बीच जंग छिड़ी हुई है.
इस साल अभी तक हिंसा में एक हज़ार से ज़्यादा लोगों की जान जा चुकी है. हालाँकि दोनों पक्षों में से किसी ने आधिकारिक रूप से वर्ष 2002 में हुए संघर्ष विराम समझौते से अपने को अलग नहीं किया है.