http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 10 अगस्त, 2006 को 18:37 GMT तक के समाचार

भारतीय हवाई अड्डों पर चौकसी बढ़ी

ब्रिटेन से अमरीका जा रहे विमानों में धमाकों की साज़िश को देखते हुए भारत ने भी अपने हवाई अड्डों पर सुरक्षा चौकसी बढ़ा दी है.

यह जानकारी केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल यानी सीआईएसएफ़ के महानिदेशक एसआईएस अहमद ने बीबीसी को दी है.

गुरुवार को ब्रिटेन से अमरीका जा रहे विमानों में धमाकों की साज़िश रची गई थी जिसे ब्रिटेन पुलिस ने नाक़ाम कर दिया.

ग़ौरतलब है कि भारत में हवाई अड्डों की सुरक्षा की ज़िम्मेदारी सीआईएसएफ़ को दी गई है.

बीबीसी से बात करते हुए अहमद ने बताया कि इस ताज़ा घटनाक्रम को देखते हुए देश के सभी हवाई अड्डों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है.

उनका कहना था, " हमने सभी हवाई अड्डों पर यात्रियों और उनके सामान की तलाशी और हवाई अड्डों की निगरानी बढ़ा दी है."

हालांकि उन्होंने बताया कि विमानों में पेय पदार्थों जैसे दूध आदि और थैलों को ले जाने पर कोई रोक नहीं लगाई गई है.

उधर अमरीका ने भी ब्रिटेन से वहाँ आ रहे सभी विमानों के लिए सतर्कता के सर्वोच्च स्तर की घोषणा कर दी है.

साथ ही सभी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डों की सुरक्षा काफ़ी चुस्त कर दी गई है.