सोमवार, 07 अगस्त, 2006 को 16:00 GMT तक के समाचार
भारत के राज्य महाराष्ट्र में राहत और पुनर्वास सचिव भूपथि पांडे ने कहा है
कि बारिश के चलते महाराष्ट्र में कम से कम 35 लोग मारे जा चुके हैं.
इसके अलावा मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में लगातार भारी बारिश की ख़बरे आ रही हैं.
महाराष्ट्र में राहत और पुनर्वास सचिव का कहना है कि बाढ़ प्रभावित इलाक़ों से करीब पचास हज़ार लोगों को हटाया गया है.
लोगों की मदद करने के लिए सेना, वायुसेना और नौसेना की मदद ली जा रही है.
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख ने सोमवार को बाढ़ प्रभावित इलाक़ों का दौरा किया.
उधर मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ राज्य में भी बारिश के चलते सात लोगों के मारे जाने की ख़बर है और 200 गाँवों से करीब चालीस हज़ार लोगों को बाढ़ प्रभावित इलाक़ों से हटाया गया है.
वहीं गुजरात सेना ने करीब 36 हज़ार लोगों को में कई निचले इलाक़े से हटाया है. मध्य और दक्षिणी गुजरात में लगातार बारिश हो रही है.
अधिकारियों का कहना है कि समुद्र में उफ़ान से हालात और बिगड़ गए हैं.
सूरत और वड़ोदरा में भी सेना को अलर्ट में रखा गया है. नर्मदा नदी भी उफ़ान पर है. मॉनसून शुरू होने के बाद गुजरात में बारिश के चलते 50 से ज़्यादा लोग मारे जा चुके हैं.