http://www.bbcchindi.com

आंध्रप्रदेश में बाढ़ के कारण 43 की मौत

भारतीय राज्य आंध्रप्रदेश में भारी बारिश के बाद बाढ़ के कारण कम से कम 43 लोग मारे गए हैं जबकि हजारों लोग विस्थापित हो गए हैं. पश्चिम बंगाल और उड़ीसा में भी स्थिति चिंताजनक है.

राज्य में भारी बारिश और बाढ़ के कारण उत्तरी तटवर्ती इलाक़े और तेलंगाना में काफ़ी तबाही हुई है और हज़ारों लोग विस्थापित हुए हैं. बहुत बड़े क्षेत्र में फ़सलें नष्ट हो गई हैं.

हैदराबाद में पत्रकारों को संबोधित करते हुए राज्य के मुख्यमंत्री वाईएस राजशेखर रेड्डी ने बताया कि बाढ़ में 43 लोगों की मौत हो चुकी है.

उन्होंने बताया कि मृतकों में से अधिकतर लोग राज्य की राजधानी हैदराबाद के अलावा खम्मान, करीमनगर और अदीलाबाद के हैं.

लगातार चौथे दिन चल रही बारिश के कारण इन इलाक़ों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है. गोदावरी नदी ख़तरे के निशान से ऊपर बह रही है.

प्रशासन ने कई ज़िलों से 50 हज़ार से ज़्यादा लोगों को राहत शिविरों तक पहुँचाया है.

अन्य राज्य भी प्रभावित

उधर उड़ीसा और पश्चिम बंगाल में भी बारिश और बाढ़ के कारण जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है.

उड़ीसा में बंसधारा नदी का जलस्तर बढ़ जाने से कोरापुट ज़िले के पास छह लोगों के बह जाने की ख़बर है. इसके अलावा खुर्दा ज़िले में 50 मछुआरों के लापता होने की भी सूचना मिली है.

राज्य में लगातार तीन दिनों से जारी बारिश के कारण सैकड़ों गाँवों में पानी भर गया है और रेल और सड़क यातायात बाधित हुआ है.

अधिकारियों के अनुसार राज्य में पिछले 72 घंटों में 1000 मिलीलीटर से भी ज़्यादा बारिश दर्ज हुई है.

पश्चिम बंगाल के मालदा ज़िले से भी बाढ़ के चलते हज़ारों लोगों के बेघर होने की सूचना मिली है.