http://www.bbcchindi.com

उमर फ़ारूक़
बीबीसी संवाददाता, हैदराबाद

आंध्रप्रदेश में बाढ़ से हज़ारों विस्थापित

आंध्रप्रदेश में भारी बारिश और बाढ़ के कारण राज्य के उत्तरी तटवर्ती इलाक़े और तेलंगाना में काफ़ी तबाही हुई है और हज़ारों लोग विस्थापित हुए हैं. बहुत बड़े क्षेत्र में फ़सलें नष्ट हो गई हैं.

लगातार चौथे दिन चल रही बारिश के कारण इन इलाक़ो में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है. गोदावरी नदी ख़तरे के निशान से ऊपर बह रही है.

आपदा प्रबंधन कक्ष के अनुसार 31 लोग मारे गए हैं और ये संख्या बढ़ सकती है. प्रशासन ने कई ज़िलों से 50 हज़ार से ज़्यादा लोगों को राहत शिविरों तक पहुँचाया है.

राज्य के मुख्यमंत्री वाईएस राजशेखर रेड्डी पूरी स्थिति की समीक्षा के लिए प्रभावित इलाक़ो का हवाई सर्वेक्षण कर रहे हैं.

जनजीवन प्रभावित

विशाखापत्तनम के हवाई अड्डे को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया गया है क्योंकि वहाँ पानी भर गया है.

राजामुंदरी में विमान उतर नहीं पाए हैं. कई क्षेत्रों में रेल सेवा भी प्रभावित हुई हैं.

राजधानी हैदराबाद में भी भीषण वर्षा के कारण जनजीवन अस्तव्यस्त है.

प्रशासन ने बाढ़ से मारे गए लोगों के परिवार के लिए 50 हज़ार रुपए का मुआवज़ा, हर प्रभावित परिवार के लिए 20 किलो चावल और पाँच लिटर मिट्टी का तेल देने की घोषणा की है.

मौसम विभाग ने अनुमान है कि बंगाल की खाड़ी में बने हवा के कम दबाव के कारण और बारिश हो सकती है.

इस समय सबसे ज़्यादा प्रभावित ज़िलों में श्रीकाकुलम, विजयनगरम, विशाखापट्टनम, ईस्ट गोदावरी और वेस्ट गोदावरी हैं जबकि तेलंगाना के खम्मान, वारंगल और करीमनगर पर आने वाले दिनों में भारी वर्षा होने की संभावना है.