बुधवार, 02 अगस्त, 2006 को 09:33 GMT तक के समाचार
तमिल विद्रोहियों ने श्रीलंका के पूर्वोत्तर में सेना के तीन शिविरों पर हमले किए हैं. इसी के साथ त्रिंकोमाली ज़िले में दोनों पक्षों के बीच जल क्षेत्र पर विवाद गहरा गया है.
श्रीलंका की सेना का कहना है कि उसने विद्रोहियों के हमले का सामना करते हुए उन्हें उस इलाक़े से पीछे हटने के लिए मजबूर कर दिया है.
ये भी कहा गया है कि तमिल चरमपंथियों को भारी नुक़सान उठाना पड़ा है लेकिन विद्रोहियों ने इसका खंडन किया है.
तमिल विद्रोहियों का ये भी दावा है कि उन्होंने सरकार की कुछ ज़मीन पर क़ब्ज़ा कर लिया है.
उधर श्रीलंका के लड़ाकू विमानों ने तमिल विद्रोहियों के अड्डों पर हमले किए हैं.
बीबीसी के कोलंबों संवाददाता का कहना है कि चाहे औपचारिक तौर पर तो दोनों पक्षों के बीच संघर्षविराम जारी है लेकिन वहाँ होने वाली लड़ाई कम से कम त्रोंकोमाली में सामान्य युद्ध की शक्ल लेती जा रही है.
दोनों पक्षों के बीच झड़पें एक हफ़्ते पहले शुरू हुईं जब श्रीलंका की सेना ने विद्रोहियों पर उत्तर पूर्वी इलाक़े में पानी रोक रखने का आरोप लगाया.