http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 31 जुलाई, 2006 को 16:08 GMT तक के समाचार

जेसिका मामले में समयसीमा तय

भारत में दिल्ली हाई कोर्ट ने पुलिस से कहा है कि वो दो महीने के अंदर इस बात की जाँच पूरी करे कि जेसिका लाल हत्याकांड मामले की छानबीन में किसी तरह की चूक हुई थी या नहीं.

इस बारे में जेसिका लाल की बहन सबरिना लाल ने कहा, मैं उम्मीद करती हूँ कि ये मामला लंबा नहीं चलेगा. ये मामला जितना लंबा चलेगा उतना ही ये कमज़ोर पड़ जाएगा.

इस साल फ़रवरी में एक निचली अदालत ने अपर्याप्त सुबूत के अभाव में नौ लोगों को जेसिका लाल हत्याकांड मामले में बरी कर दिया था.

लेकिन दिल्ली पुलिस ने इस फ़ैसले के ख़िलाफ़ याचिका दायर की थी.

अभियोजन पक्ष का कहना है कि जेसिक लाल की हत्या मनु शर्मा ने वर्ष 1999 में दिल्ली के एक रेस्तरां में की थी जब जेसिका ने मनु को शराब देने से मना कर दिया था.

मुन शर्मा कांग्रेस पार्टी के एक नेता का बेटा है.

लेकिन इस मामले में कई गवाह अपने बयानों से मुकर चुके हैं. इसके बाद एक निचली अदालत ने मनु शर्मा समेत नौ लोगों को इस मामले में बरी कर दिया था.

बीबीसी संवाददाता का कहना है कि इस फ़ैसले के बाद सार्वजनिक स्तर पर लोगों में काफ़ी आक्रोश देखा गया और इस मामले को दोबारा खोला गया.

इसके बाद सभी आरोपियों को फिर गिरफ़्तार किया गया लेकिन इस समय सभी ज़मानत पर जेल से बाहर हैं.