http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 31 जुलाई, 2006 को 20:45 GMT तक के समाचार

संपर्क में रहेंगे भारत और पाकिस्तान

भारत और पाकिस्तान के विदेश सचिवों की ढाका में हुई मुलाक़ात के दौरान मुंबई बम धमाकों से जुड़ी सूचनाओं का आदान प्रदान करने पर सहमति हुई है.

दोनों विदेश सचिवों की सोमवार रात को बांग्लादेश की राजधानी ढाका में सार्क सचिवस्तरीय बैठक के दौरान बातचीत हुई.

दोनों देशों के विदेश सचिवों की लगभग 90 मिनट तक बातचीत चली.

संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में जब उनसे पूछा गया कि मुंबई धमाकों के बाद स्थगित कर दी गई समग्र बातचीत कब होगी तो श्याम सरन ने कहा,'' हमने एक दूसरे के संपर्क में रहने का फ़ैसला किया है.''

ग़ौरतलब है कि 11 जुलाई को मुंबई में हुए सिलसिलेवार बम धमाकों के बाद पाकिस्तान के साथ दिल्ली में होनेवाली विदेश सचिव स्तर की बातचीत को स्थगित कर दिया गया था.

बातचीत

आतंकवाद के मुद्दे के बारे में श्याम सरन का कहना था कि उन्होंने अपनी चिंताओं से पाकिस्तानी पक्ष को अवगत करा दिया है.

दूसरी ओर पाकिस्तान के विदेश सचिव रियाज़ मोहम्मद ख़ान ने बातचीत को 'सकारात्मक' बताया.

उनका कहना था,'' हमने अब तक की प्रगति पर चर्चा की और इस बात पर विचार किया कि कैसे आगे बढ़ा जा सकता है.''

पाकिस्तान के विदेश सचिव का कहना था, '' शांति प्रक्रिया दोनों देशों के लिए अहम है और इसके अलावा और कोई विकल्प नहीं है.''

इसके पहले भारतीय विदेश सचिव ने सार्क देशों के विदेश मंत्रियों को संबोधित करते हुए कहा था कि इस क्षेत्र से आतंकवाद को समाप्त करने के लिए तत्काल सहयोग बढ़ाने की ज़रूरत है.

उनका कहना था कि सार्क देशों में आतंकवाद को लेकर जो सहमति हुई थी, उसके अनुरूप सभी सदस्य देशों को क़ानून बनाने की ज़रूरत है.

भारत ने मुक्त व्यापार समझौते, साफ़्टा को लेकर भी अपनी आपत्ति दर्ज की कि पाकिस्तान ने भारत के लिए करों में कटौती नहीं की है.