http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 31 जुलाई, 2006 को 02:45 GMT तक के समाचार

ढाका में मिलेंगे भारत पाक विदेश सचिव

भारत और पाकिस्तान के विदेश सचिवों के बीच सार्क सचिवस्तरीय बैठक के दौरान होने वाली मुलाक़ात में आतंकवाद का मुद्दा उठ सकता है.

रिपोर्टें हैं कि भारतीय विदेश सचिव श्याम सरन पाकिस्तान के विदेश सचिव रियाज़ मोहम्मद खान के समक्ष सीमा पार आतंकवाद का मुद्दा उठा सकते हैं.

सोमवार को ढाका में सार्क देशों की सचिवस्तरीय वार्ता हो रही है जिस दौरान भारत और पाकिस्तान के विदेश सचिवों की मुलाक़ात संभव है.

मुंबई बम धमाकों के बाद भारत ने पाकिस्तान के साथ निर्धारित विदेश सचिव वार्ता को स्थगित कर दिया था.

मुंबई बम धमाकों के बाद दोनों पक्षों की ओर से बयानबाज़ी हुई है और ऐसा लगा कि शांति वार्ता रुक जाएगी.

पाकिस्तान ने इस मसले पर भारत को पाकिस्तान से सक्रिय किसी गुट के लिप्त होने के सबूत देने की चुनौती भी दे दी थी.

अब इन बयानों के बीच दोनों देशों के विदेश सचिव मिल रहे हैं.

ढाका में भारतीय दल का नेतृत्व विदेश राज्य मंत्री ई अहमद कर रहे हैं और पाकिस्तान के विदेश मंत्री खुर्शीद महमदू कसूरी से उनकी मुलाक़ात की संभावना को नकारा नहीं जा सकता है.