शनिवार, 29 जुलाई, 2006 को 20:32 GMT तक के समाचार
श्रीलंका के पूर्वोत्तर में तमिल विद्रोहियों के ख़िलाफ़ चौथे दिन भी हवाई हमले जारी हैं. ये झड़पें विद्रोहियों और सरकार के बीच जल क्षेत्र को लेकर छिड़े विवाद के कारण हो रही हैं.
श्रीलंका सरकार का आरोप है कि तमिल विद्रोहियों ने विवादित जल क्षेत्र को बंद कर दिया है जबकि हज़ारों किसानों का जीवन उस पर निर्भर है.
तमिल विद्रोहियों का कहना है कि वे स्थानीय तमिल लोग हैं जो ज़्यादा अधिकारों की माँग कर रहे हैं.
पर्यवेक्षक वापस
उधर तमिल विद्रोहियों और सरकार के बीच वर्ष 2002 में हुए संघर्षविराम की निगरानी कर रहे डेनमार्क और फ़िनलैंड के पर्यवेक्षकों को वापस बुला लिया गया है.
श्रीलंका की सरकार ने डेनमार्क और फ़िनलैंड के फ़ैसले की आलोचना की है.
तमिल विद्रोहियों के संगठन एलटीटीई को आतंकवादी संगठनों की सूची में शामिल करने के यूरोपीय संघ के फ़ैसले के बाद एलटीटीई ने माँग की थी कि यूरोपीय देशों के पर्यवेक्षक तमिल बहुल इलाक़ा छोड़ दें.
इन पर्यवेक्षकों के चले जाने के बाद पर्यवेक्षकों के गुट की संख्या 60 से घटकर 40 रह जाएगी.