शनिवार, 29 जुलाई, 2006 को 15:19 GMT तक के समाचार
भारत की केंद्रीय जाँच एजेंसी ने जम्मू-कश्मीर के चर्चित सेक्स स्कैंडल मामले में राज्य के दो पूर्व मंत्रियों के ख़िलाफ़ आरोप पत्र दाखिल किया है.
ये दोनों मंत्री ग़ुलाम अहमद मीर और रमन मट्टू पिछली राज्य सरकार में मंत्री थे.
दोनों के ख़िलाफ़ महिलाओं के देह व्यापार और शारीरिक शोषण में लिप्त होने का आरोप लगाया गया है.
इसके अलावा प्रशासनिक सेवा के एक पूर्व अधिकारी और राज्य के पूर्व प्रधान सचिव रह चुके इक़बाल खांडे और पुलिस अपाधीक्षक रायाज़ कावा के ख़िलाफ़ भी आरोप पत्र दाखिल किए गए हैं.
ग़ौरतलब है कि ये मामला कुछ माह पहले तब सामने आया जब पुलिस के हाथों एक ऐसी सीडी लगी जिसमें स्थानीय नाबालिग लड़कियों को नग्न अवस्था में दिखाया गया था.
इसके बाद राज्यभर में इसके ख़िलाफ़ विरोध-प्रदर्शन हुए.
इस मामले में दोषी पाए गए लोगों पर आरोप है कि उन्होंने अपने प्रभाव के दबाव में इन नाबालिग लड़कियों को देह व्यापार के लिए बाध्य किया होगा.
पूर्व मंत्री मीर और इकबाल खांडे को पुलिस ने पिछले दिनों हिरासत में ले लिया था जिसके बाद इस लोगों ने न्यायालय से अपील की थी कि इन्हें ज़मानत पर रिहा कर दिया जाए.
हालांकि न्यायालय ने यह कहते हुए इन्हें ज़मानत देने से इनकार कर दिया था कि यदि इन लोगों को बाहर जाने का मौका मिलता है तो ये जाँच और मामले से जुड़े साक्ष्यों को प्रभावित कर सकते हैं.