http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 29 जुलाई, 2006 को 06:38 GMT तक के समाचार

अवैध इमारतें गिराने का काम शुरू

मुंबई नगर निगम ने मुंबई में कई अवैध इमारतों को तोड़ने का काम शुरू कर दिया है जिनमें सारा-सहारा शॉपिंग परिसर की कुछ इमारतें भी शामिल है.

इनमें से कुछ इमारतों के बारे में कहा जाता है कि इन्हें माफ़िया डॉन दाऊद इब्राहिम ने बनवाया था.

सारा सहारा परिसर पुलिस आयुक्त कार्यालय के पीछे बना हुआ है और पिछले कई वर्षों से अवैध रुप से निर्मित होने के बावजूद इसके ख़िलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही थी.

हालाँकि भारी सुरक्षा बंदोबस्त के बीच इस परिसर में कई अवैध निर्माणों को तोड़ने का काम शुरु कर दिया गया है.

अवैध निर्माणों को तोड़े जाने के विरोध में मकोका ( महाराष्ट्र संगठित अपराध अधिनियम) के तहत एक अपील दायर की गई थी लेकिन अदालत ने इसे ख़ारिज़ कर दिया था.

यह परिसर सरकारी ज़मीन पर बना हुआ था और पुलिस के अनुसार नगर निगम के अधिकारियों की मिलीभगत से इसका निर्माण किया गया था.

पिछले दिनों मुंबई उच्च न्यायालय ने इस परिसर को गिराने के आदेश दिए थे. इसके ख़िलाफ़ याचिका सुप्रीम कोर्ट में दाखिल की गई थी लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने उच्च न्यायालय के आदेश को बरक़रार रखा.