http://www.bbcchindi.com

'विद्रोहियों की हवाई पट्टी पर बमबारी'

श्रीलंका की वायुसेना ने तमिल विद्रोहियों के ठिकानों पर दूसरे दिन बमबारी की है.

सेना का कहना है कि गुरुवार की बमबारी मुल्लाइतिवु ज़िले में हवाई पट्टी बनाने से रोकने के लिए की गई थी.

लेकिन इसमें कितने लोग हताहत हुए इसकी जानकारी अभी नहीं मिल पाई है.

इसके पहले श्रीलंका की वायुसेना ने बुधवार को पानी की आपूर्ति को लेकर त्रिंकोमाली ज़िले पर हवाई हमला किया था.

बीबीसी संवाददाता का कहना है कि हालांकि कागज़ पर युद्धविराम मौजूद है लेकिन इस साल संघर्ष में अब तक सैकड़ों लोग मारे गए हैं.

इस बीच सेना प्रमुख लेफ़्टिनेंट जनरल सरथ फ़ोनसेका ने अपना कार्यभार संभाल लिया है. वो अप्रैल में एक आत्मघाती हमले में बुरी तरह घायल हो गए थे.

निशाना

श्रीलंका के रक्षा प्रवक्ता ने बीबीसी को बताया कि गुरुवार को किए हमलों में हवाई पट्टी को निशाना बनाया.

उनका कहना था,'' हमारे पास हवाई पट्टी के निर्माण को लेकर तस्वीरें थीं. यह देश की संप्रभुता और अखंडता पर खतरा था.''

लेकिन यह पता नहीं चल सका है कि इस हमले से कितना नुक़सान हुआ है.

सरकार का कहना है कि बुधवार के हमले विद्रोहियों द्वारा पानी की आपूर्ति में बाधा डालने को समाप्त करने के लिए किए गए थे.

लेकिन विद्रोहियों का कहना है कि तमिल नागरिकों ने सरकार के साथ सिंचाई को लेकर उठे विवाद के बाद पानी की आपूर्ति रोक दी थी.