http://www.bbcchindi.com

रविवार, 23 जुलाई, 2006 को 02:14 GMT तक के समाचार

'हेलमंद में 19 तालेबान विद्रोही मारे गए'

अफ़ग़ानिस्तान में अधिकारियों का कहना है कि गठबंधन और अफ़ग़ान सेनाओं ने हेलमंद प्रांत में 19 संदिग्ध तालेबान चरमपंथियों को मार दिया है.

स्थानीय अधिकारियों ने ये जानकारी देते हुए कहा कि लगभग 15 तालेबान लड़ाके इस झड़प में घायल हुए हैं. इस दौरान सेना ने हेलिकॉप्टरों का इस्तेमाल भी किया.

अफ़ग़ानिस्तान में अमरीकी नेतृत्व वाली गठबंधन सेना के लगभग दस हज़ार सैनिक तालेबान और उनके समर्थकों के साथ संघर्ष कर रहे हैं. इस साल सैकड़ों लोग मारे जा चुके हैं.

शुक्रवार को इसी इलाक़े में छह तालेबान लड़ाके और इसके साथ लगते उरुज़गान प्रांत में 18 लड़ाके मारे गए थे.

इसी साल दक्षिणी अफ़ग़ानिस्तान में अमरीकी सैनिकों की जगह नैटो के 21 हज़ार सैनिक तैनात किए जाएँगे.

आत्मघाती हमले

दूसरी ओर कंधार में दो आत्मघाती बम हमलों में कनाडा के दो सैनिक और कम से कम छह अफ़ग़ान नागरिक मारे गए हैं.

अफ़ग़ानिस्तान में अमरीकी नेतृत्व वाली गठबंधन सेना के सैनिक तब मारे गए जब विस्फोटकों से लदी एक कार को आत्मघाती हमलावर ने उनके वाहन में दे मारा. इसमें आठ सैनिक घायल भी हो गए.

इसके कुछ ही देर बाद एक अन्य हमलावर ने घटनास्थल पर ही धमाका किया जिसमें वह ख़ुद मारा गया और कम से कम पाँच अफ़ग़ान नागरिक मारे गए.

कंधार के इन आत्मघाती हमलों में दोनों हमलावर मारे गए और 20 अन्य लोग घायल हो गए हैं.

तालेबान के प्रवक्ता का दावा करनेवाले एक शख्स ने बाद में संवाददाताओं को फ़ोन किया और कहा कि उनका संगठन इन हमलों के पीछे था.