http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 22 जुलाई, 2006 को 15:36 GMT तक के समाचार

कंधार में दो आत्मघाती हमले

अफ़ग़ानिस्तान के कंधार शहर में दो आत्मघाती बम हमलों में कनाडा के दौ सैनिक और कम से कम पाँच अफ़ग़ान नागरिक मारे गए हैं.

अफ़ग़ानिस्तान में अमरीकी नेतृत्व वाली गठबंधन सेना के सैनिक तब मारे गए जब विस्फोटकों से लदी एक कार को आत्मघाती हमलावर ने उनके वाहन में दे मारा. इसमें आठ सैनिक घायल हो गए.

इसके कुछ ही देर बाद एक अन्य हमलावर ने पहले हमले के घटनास्थल पर ही धमाका किया जिसमें वह ख़ुद मारा गया और कम से कम पाँच अफ़ग़ान नागरिक मारे गए.

उधर अमरीकी नेतृत्व वाली गठबंधन सेना और अफ़ग़ान सुरक्षाकर्मियों ने 13 संदिग्ध तालेबान चरमपंथियों को हेलमंद प्रांत में मार दिया है.

कंधार के इन आत्मघाती हमलों में दोनों हमलावर मारे गए और 20 अन्य लोग घायल हो गए हैं.

तालेबान के प्रवक्ता का दावा करनेवाले एक शख्स ने बाद में संवाददाताओं को फ़ोन किया और दावा किया कि उनका संगठन इन हमलों के पीछे था.

हेलमंद में संघर्ष

उधर गठबंधन और अफ़ग़ान सेनाओं ने हेलमंद प्रांत में 13 संदिग्ध तालेबान चरमपंथियों को मार दिया है.

स्थानीय अधिकारियों ने ये जानकारी देते हुए कहा कि लगभग 15 तालेबान लड़ाके इस झड़प में घायल हुए हैं. इसके दौरान सेना ने हेलिकॉप्टरों का इस्तेमाल भी किया.

अफ़ग़ानिस्तान में अमरीकी नेतृत्व वाली गठबंधन सेना के लगभग दस हज़ार सैनिक तालेबान और उनके समर्थकों के साथ संघर्ष कर रहे हैं. इस साल सौकड़ों लोग मारे जा चुके हैं.

शुक्रवार को इसी इलाक़े में छह तालेबान लड़ाके और इसके साथ लगते उरुज़गान प्रांत में 18 लड़ाके मारे गए थे.

इसी साल दक्षिणी अफ़ग़ानिस्तान में अमरीकी सैनिकों की जगह नैटो के 21 हज़ार सैनिक तैनात किए जाएँगे.