शनिवार, 22 जुलाई, 2006 को 11:54 GMT तक के समाचार
भारतीय पुलिस ने गुजरात राज्य के सर क्रीक इलाक़े में छह पाकिस्तान मछुआरों को गिरफ़्तार किया है.
पुलिस ने कहा है कि मछुआरों के पास पहचान साबित करने के लिए कोई दस्तावेज़ नहीं था. अलबत्ता उनके पास एक अत्याधुनिक वायरलैस सैट था जो चीन का बना हुआ था.
सर क्रीक इलाक़ा भारत और पाकिस्तान के बीच विवादास्पद क्षेत्र है. यह भारतीय गुजरात के कच्छ में और पाकिस्तान के सिंध प्रांत में है.
अधिकारियों ने कहा है कि एक दूसरे के जल क्षेत्र में मछुआरों का इस तरह आना-जाना एक सामान्य बात है लेकिन मछुआरे आमतौर पर वायरलैस जैसे अत्याधुनिक उपकरण अपने पास नहीं रखते हैं.
इन छह पाकिस्तानी मछुआरों को गुजरात में भुज के एक संयुक्त पूछताछ केंद्र में रखा गया है जहाँ उनसे आगे पूछताछ की जाएगी.
दोनों देशों में एक दूसरे के मछुआरे अक्सर पकड़े जाते हैं.
दोनों देशों के बीच वर्ष 2004 से जारी शांति प्रक्रिया के तहत एक दूसरे के सैकड़ों मछुआरों को छोड़ा गया है.