http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 22 जुलाई, 2006 को 22:19 GMT तक के समाचार

कोयंबटूर में विस्फोटों की योजना विफल

कोयंबटूर में पुलिस ने पांच व्यक्तियों को गिरफ्तार करते हुए दावा किया है कि सरकारी कार्यालयों में बम धमाके करने की बड़ी योजना को विफल किया गया है.

पुलिस आयुक्त करन सिंघका ने कोयंबटूर में संवाददाताओं को बताया कि शनिवार की सुबह ख़ुफिया जानकारी के आधार पर एक विशेष टीम ने हारुन बाशा और उनके भाई मलिक बाशा के घर पर छापे मारे.

पुलिस के अनुसार बाशा के घर पर विस्फोटक पदार्थ मिले और कई ऐसे दस्तावेज़ मिले जिससे कोयंबटूर मेडिकल कॉलेज, जिलाधीश कार्यालय और कई अन्य सरकारी इमारतों में विस्फोट करने की योजना का पता चला.

अधिकारियों के अनुसार बाशा से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर शहर में कुछ और स्थानों पर छापे मारे गए और तीन अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया.

सिंघका ने बताया कि इन पांचों के ख़िलाफ भारतीय दंड संङिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज़ किए गए हैं.

उल्लेखनीय है कि 11 जुलाई को मुंबई की लोकल ट्रेनों में सात बम धमाके हुए थे जिसमें 180 से अधिक लोग मारे गए. इसके बाद पूरे देश में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.