शुक्रवार, 21 जुलाई, 2006 को 02:26 GMT तक के समाचार
अफ़ग़ानिस्तान सरकार की एक जाँच में पता चला है कि पिछले सप्ताह उरुज़गान प्रांत में की गई अमरीकी बमबारी में 10 आम नागरिक मारे गए थे.
राष्ट्रपति के प्रवक्ता करीम रहीमी ने बीबीसी को बताया कि इस हमले में 27 लोग घायल भी हो गए थे.
उनका कहना था कि इस हमले में लगभग 50 तालेबान विद्रोही मारे गए थे जिनमें नौ कमांडर थे. लेकिन इस हमले में कई आम नागरिक मारे गए थे जिनमें महिलाएं और बच्चे शामिल हैं.
हालांकि इस जाँच रिपोर्ट पर गठबंधन सेनाओं की ओर से कोई प्रतिक्रिया व्यक्त नहीं की गई है.
तालेबान के 2001 में सत्ता से हटाए जाने के बाद गठबंधन सेनाओं की बमबारी में अनेक आम नागरिक मारे जा चुके हैं.
बीबीसी के बिलाल सरवरी का कहना है कि इस रिपोर्ट से अफ़ग़ानिस्तान के राष्ट्रपति हामिद करज़ई की परेशानियाँ और बढ़ गईं हैं क्योंकि वो गठबंधन सेनाओं से ज़्यादा सावधानी बरतने की अपील करते आए हैं और ऐसा लगता है कि उन पर अधिक ध्यान नहीं दिया गया.
राष्ट्रपति करज़ई ने रविवार को इस जाँच के आदेश दिए थे और एक जाँच दल उरुज़गान प्रांत भेजा गया था.
हमला
राष्ट्रपति के एक प्रवक्ता ने कहा कि जाँच आयोग ने पाया कि गाँव में तीन घर बमबारी में नष्ट हो गए.
इसमें से एक स्थानीय व्यक्ति शेर जान का था और ऐसा कहा जा रहा है कि जब हवाई हमला हुआ, उस वक्त तालेबान विद्रोही वहाँ बैठक कर रहे थे.
माना जा रहा है कि गठबंधन सेनाओं ने ख़ुफ़िया सूचनाओं के आधार पर यह कार्रवाई की थी.
रहीमी का कहना था कि इसमें 50 तालेबान विद्रोही मारे गए लेकिन दुर्भाग्यवश 10 आम नागरिक भी निशाना बन गए जिसमें बूढ़े और बच्चे शामिल थे.
रहीमी का कहना था कि राष्ट्रपति करज़ई ने गठबंधन सेनाओं से ज़्यादा सावधानी बरतने की बात पहले भी कही थी ताकि आम नागरिक निशाना न बन पाएँ.
उन्होंने बताया कि आयोग ने गठबंधन सेनाओं से अफ़ग़ान सेनाओं के साथ सहयोग बढ़ाने की अपील की है.