गुरुवार, 20 जुलाई, 2006 को 21:24 GMT तक के समाचार
भारतीय राज्य उत्तरांचल में एक बस दुर्घटना में पाँच महिलाओं सहित कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई है जबकि 38 घायल हुए हैं.
पुलिस का कहना है कि देवलीगढ़ इलाक़े में बस खाई में जा गिरी.
अधिकारियों का कहना है कि बस घुंघमागढ़ से घंसाली जा रही थी.
उस समय बस में पचास से अधिक यात्री सवार थे.
घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया है.
पुलिस का कहना है कि घायलों में कुछ की हालत गंभीर है.
दुर्घटना के कारण का ठीक-ठीक पता नहीं चल सका है.
पिछले दिनों उत्तराँचल से बस दुर्घटनाओं की ख़बरे लगातार मिल रही हैं.
इसी महीने आठ जुलाई को यात्रियों से भरी एक बस उत्तरकाशी ज़िले में भागीरथी नदी में जा गिरी थी और इसमें 26 लोग मारे गए थे.
जून में एक ट्रक दुर्घटना में 48 लोग मारे गए थे.
इससे पहले टिहरी ज़िले में एक बस भागीरथी नदी में जा गिरी थी. उस दुर्घटना में पाँच लोगों की मौत हो गई थी.