बुधवार, 19 जुलाई, 2006 को 12:28 GMT तक के समाचार
रामदत्त त्रिपाठी
लखनऊ में बीबीसी संवाददाता
उत्तर प्रदेश की पुलिस ने मार्च में हुए वाराणसी बम धमाकों के मामले में आरोप पत्र दायर कर दिया है. मार्च में वहाँ हुए दो बम धमाकों में 15 लोग मारे गए थे और कम से कम 100 घायल हो गए थे.
वाराणसी में सात मार्च को प्रसिद्ध संकट मोचन मंदिर और रेलवे स्टेशन पर विस्फोट हुए थे.
इस मामले में छह अभियुक्त हैं उन पर धमाके और लोगों का कत्ल कर आतंक फैलान का आरोप लगाया गया है.
एक पुलिस अधिकारी जीपी शुक्ल ने बीबीसी को बताया कि चार्जशीट यानि आरोप पत्र 90 दिन की अवधि के भीतर दायर कर दिया गया है.
केवल एक अभियुक्त - इलाहाबाद के वली-उल्लाह को पुलिस गिरफ़्तार कर पाई है. उन पर धमाकों का षड्यंत्र रचने का आरोप है.
वली-उल्लाह पर आरोप है कि वे बांग्लादेश के प्रतिबंधित संगठन हरकतुल जेहाद इस्लामी से संबंधित हैं.
धमाकों से ही संबंधित बताए जाने वाले मोहम्मद ज़ुबैर को एक मुठभेड़ में जम्मू-कश्मीर राज्य की पुलिस ने मार दिया था.
अन्य अभियुक्तों में से एक लापता है और पुलिस अब तक बांग्लादेश के नागरिक -तीन अन्य अभियुक्तों का पता लगा पाने में नाकाम रही है.