http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 19 जुलाई, 2006 को 12:05 GMT तक के समाचार

दो अफ़ग़ान शहरों पर सेना का नियंत्रण

अफ़ग़ानिस्तान में अमरीका के नेतृत्व वाली गठबंधन सेना का कहना है कि हेलमंद प्रांत में दो शहरों को तालेबान के नियंत्रण से मुक्त करा लिया गया है.

पिछले हफ़्ते तालेबान लड़ाकों ने गर्मसेर और नवा-ए-बरक़जई को अपने कब्जे में ले लिया था.

गठबंधन सेना ने कहा है कि इस अभियान में दो अफ़गान सुरक्षाकर्मी घायल हुए हैं.

अमरीका के नेतृत्व में अंतरराष्ट्रीय सेना के लगभग 10 हजार जवान तालेबान और उनके सहयोगियों के ख़िलाफ़ अभियान चला रहे हैं.

इस वर्ष तालेबान लड़ाकों और गठबंधन सेना के बीच हुई झड़पों में सैंकड़ों लोग मारे गए हैं.

लड़ाई

अफ़गान सेना के कमांडर जनरल रहमतुल्ला रऊफ़ ने समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि गर्मेसर शहर में घुसने से पहले तालेबान लड़ाकों को साथ जबर्दस्त लड़ाई हुई.

उन्होंने कहा, "हमारी सेना ने गर्मेसर पर धावा बोला और अल्लाह का शुक्र है कि हम दोबारा क़ब्जा करने में सफल रहे."

अफ़गानिस्तान में मौजूद अमरीकी सेना के प्रवक्ता पॉल फिट्जपैट्रिक ने बताया, "ऐसा लगता है कि तालेबान लड़ाके दूर दराज़ के छोटे शहरों में अपनी स्थिति मजबूत करना चाहते हैं लेकिन अफ़गानिस्तान के किसी हिस्से पर दावा करने की ताक़त उनमें नहीं है."

गठबंधन सेना ने बयान जारी कर दावा किया है कि दक्षिणी अफ़गानिस्तान में जबर्दस्त सैनिक कार्रवाई से तालेबान लड़ाकों को भारी नुक़सान पहुँचा है.

इस बयान में कहा गया है कि अफ़गान और गठबंधन सेना के साथ लड़ाई में पिछले एक हफ़्ते में तालेबान के निचले और मझोले स्तर के कई कमांडर मारे गए हैं.