सोमवार, 17 जुलाई, 2006 को 18:49 GMT तक के समाचार
राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम मुंबई बम धमाकों में मारे गए लोगों की स्मृति में मंगलवार को आयोजित दो मिनट के मौन का नेतृत्व करेंगे.
ग्यारह जुलाई को हुए इन बम धमाकों में 200 से अधिक लोगों की जानें चली गई थीं और 700 से अधिक लोग घायल हो गए थे.
मंगलवार को बम धमाकों के वक्त शाम 6.24 पर एक सायरन बजेगा और पूरा मुंबई शहर दो मिनट के लिए थम जाएगा.
राष्ट्रपति कलाम माहिम स्टेशन का दौरा भी करेंगे और बम धमाकों में मारे गए लोगों श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे.
राष्ट्रपति कलाम ने सोमवार को मुंबई पहुंचने के बाद किंग एडवर्ड मेमोरियल होस्पीटल का दौरा किया और बम धमाकों से घायल हुए लोगों से मुलाक़ात की.
लगभग आधे घंटे के दौरे के बाद राष्ट्रपति ने पत्रकारों से कहा,'' आतंकवाद दिमागी रूप से बीमार लोगों की उपज है और अच्छी सोचवाले सभी लोग मिलकर आतंकवाद से लड़ेंगे.''
उनका कहना था,'' मैंने कई घायलों से बात की है और उनका दर्द देखा है. अस्पताल जितना कर सकते हैं, वे कर रहे हैं और घायलों का मनोबल ऊंचा है.''
इधर आतंकवाद निरोधी दस्ते यानी एटीएस के मुताबिक फॉरेंसिक जाँच से पता चलता है कि मुंबई बम धमाकों में आरडीएक्स का इस्तेमाल हुआ था.
एटीएस प्रमुख केपी रघुवंशी ने सोमवार को जानकारी दी कि फॉरेंसिक जाँच रिपोर्ट से पता चलता है कि 11 जुलाई को मुंबई के रेल नेटवर्क को निशाना बना कर किए गए सात विस्फोटों में आरडीएक्स और अमोनिएम नाइट्रेट का इस्तेमाल हुआ था.
उनका कहना था कि विस्फोट के बाद घटनास्थलों से मिले नमूनों की जाँच इस ओर संकेत करती है कि विस्फोट करने के लिए टाइमर का इस्तेमाल किया गया था.