सोमवार, 17 जुलाई, 2006 को 14:54 GMT तक के समाचार
आतंकवाद निरोधी दस्ते यानी एटीएस के मुताबिक फॉरेंसिक जाँच से पता चलता है कि मुंबई बम धमाकों में आरडीएक्स का इस्तेमाल हुआ था.
एटीएस प्रमुख केपी रघुवंशी ने सोमवार को मुंबई में यह जानकारी दी.
उन्होंने कहा कि फॉरेंसिक जाँच रिपोर्ट से पता चलता है कि 11 जुलाई को मुंबई के रेल नेटवर्क को निशाना बना कर किए गए सात विस्फ़ोटों में आरडीएक्स और अमोनिएम नाइट्रेट का इस्तेमाल हुआ था.
रघुवंशी ने कहा कि विस्फोट के बाद घटनास्थलों से मिले नमूनों की जाँच इस ओर संकेत करता है कि विस्फोट करने के लिए टाइमर का इस्तेमाल किया गया था.
उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जाँच महत्वपूर्ण चरण में है और इसी सिलसिले में मुंबई पुलिस की एक टीम त्रिपुरा रवाना हो गई है.
त्रिपुरा में बंगलादेश की सीमा से सटे इलाकों में कुछ संदिग्ध हिरासत में लिया गया है.
रघुवंशी ने कहा कि मुंबई पुलिस की टीम इन लोगों से पूछताछ करेगी. इन धमाकों में 183 लोग मारे गए थे और 714 से अधिक लोग घायल हुए.