शुक्रवार, 14 जुलाई, 2006 को 17:22 GMT तक के समाचार
तमिल विद्रोही संगठन एलटीटीई ने दावा किया है कि बट्टीकलोवा में सेना और विद्रोहियों के बीच हुई झड़प में कम से कम 12 सैनिक मारे गए हैं.
एलटीटीई का कहना है कि संघर्ष में उसके चार लड़ाके भी मारे गए हैं. श्रीलंका की सेना ने बीबीसी को ये जानकारी दी है कि उसके कुछ सैनिक लापता हैं.
इससे पहले देश के पूर्वोत्तर में स्थित त्रिंकोमाली में एक नाविक की गोली मार कर हत्या कर दी गई. इस घटना के लिए भी एलटीटीई को ज़िम्मेदार ठहराया जा रहा है.
सेना के अनुसार बुधवार को हुए अलग-अलग हमलों में चार लोग मारे गए. इनमें दो पुलिस अधिकारी भी शामिल थे. सेना ने इसके लिए एलटीटीई को ज़िम्मेदार ठहराया है.
विचार-विमर्श
कोलंबो स्थित बीबीसी संवाददाता का कहना है कि कुछ दिनों की शांति के बाद ताज़ा हमला हुआ है.
इस सप्ताह के शुरू में श्रीलंका के राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे ने अपने सलाहकारों से इस बात पर चर्चा की थी कि एलटीटीई के साथ सत्ता में साझेदारी की योजना पर कैसे काम हो.
एलटीटीई की मानें तो सेना के साथ संघर्ष उस समय शुरू हुआ जब क़रीब 60 सरकारी सैनिक एलटीटीई के नियंत्रण वाले इलाक़े में घुसे.
इस इलाक़े में क़रीब 200 विद्रोहियों ने सैनिकों को घेर लिया. कोलंबो स्थित बीबीसी संवाददाता का कहना है कि इस संख्या की पुष्टि करना संभव नहीं.
हालाँकि श्रीलंका की सेना ने स्पष्ट किया है कि उसके सैनिक एलटीटीई के नियंत्रण वाले इलाक़े में नहीं गए थे.